अंतर्राष्ट्रीय यूथ कॉमनवेल्थ चैंपियनशिप की वेटलिफ्टिंग प्रतिस्पर्धा के 88 किलोग्राम भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीतकर देश-प्रदेश के साथ जिले का नाम रोशन करने वाले जिला नूंह के गांव जहटाना निवासी खिलाड़ी शाह हुसैन का उपायुक्त अखिल पिलानी व अतिरिक्त उपायुक्त प्रदीप सिंह मलिक ने अपने कार्यालय में स्वागत किया और खेलों मेवात कार्यक्रम का ब्रांड एंबेसडर बनाकर पत्र सौंपा। उपायुक्त अखिल पिलानी ने कहा कि अहमदाबाद, गुजरात में आयोजित इस स्पर्धा में 40 देशों ने भाग लिया था, जिसमें खिलाड़ी शाह हुसैन ने कुल 267 किलोग्राम भार उठाकर स्वर्ण पदक पर कब्जा कर अपने देश का नाम रोशन किया, जो मेवात जिले के लिए भी गौरव की बात है। उन्होंने इस उपलब्धि के लिए खिलाड़ी शाह हुसैन, उनके कोच आबिद हुसैन, उसके माता-पिता तथा उसके साथ आए सभी ग्रामीणों को शुभकामनाएं दी और कहा कि खेलों में रूचि रखने वाले युवाओं को जिला प्रशासन हर संभव प्रोत्साहन दे रहा है।