नूंह जिले में बीवा रोड से अलीपुर तिगरा क्षेत्र में कृषि योग्य भूमि पर अवैध कॉलोनी निर्माण के बढ़ते मामलों पर जिला नगर योजनाकार विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए गुरुवार को बुलडोज़र चलाया। पिछले कई दिनों से कॉलोनाइजर द्वारा लगातार खेतों में अवैध प्लॉटिंग की जा रही थी, जिसकी शिकायतें विभाग तक पहुंच रही थीं। संबंधित टीम ने कई बार नोटिस भी जारी किए, लेकिन उसके बाद भी अवैध निर्माण नहीं रुके। अंततः विभागीय टीम ने भारी पुलिस बल की मौजूदगी में अलीपुर तिगरा क्षेत्र में तोड़फोड़ अभियान चलाया। जानकारी देते हुए जिला नगर योजनाकार अधिकारी बिनेश कुमार ने जानकारी देते हुए बताया कि तहसील फिरोजपुर झिरका के शहरी क्षेत्राधिकार में आने वाले इस इलाके में करीब 6 एकड़ कृषि भूमि पर विकसित की जा रही दो अनधिकृत कॉलोनियों को पूरी तरह ध्वस्त कर दिया गया। पहली कॉलोनी राजस्व संपदा फिरोजपुर झिरका में स्थित थी, जिसका क्षेत्रफल लगभग 4 एकड़ था। अभियान के दौरान यहां बनी 2 सीमा दीवारें, 4 डीपीसी, एक निर्माणाधीन ढांचा और मिट्टी की सड़क नेटवर्क को जगह-जगह से खोदा गया है ।