यूपी बोर्ड परीक्षा 2026 के तहत शुक्रवार को पहली शिफ्ट में सुबह 8:30 से 11:45 बजे तक 10वीं का सामाजिक विज्ञान का पेपर शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल में सम्पन्न हुआ। सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज, होशियारपुर राजकीय बालिका इंटर कॉलेज तथा श्याम सिंह स्मारक गर्ल्स इंटर कॉलेज, सरफाबाद (सेक्टर-73) सहित विभिन्न केंद्रों पर छात्रों में आत्मविश्वास नजर आया। ग्रीन फील्ड अकादमी स्कूल की छात्रा सोनी ने पेपर को “ईजी” बताते हुए कहा कि अधिकांश प्रश्न सीधे सिलेबस से थे। 10वीं की छात्राओं रश्मि, तबस्सुम और रेनू ने भी प्रश्नपत्र को संतुलित और समझने में सरल बताया। कई विद्यार्थियों ने निर्धारित समय से पहले ही उत्तर लिखना पूरा कर लिया। श्याम सिंह स्मारक गर्ल्स इंटर कॉलेज की प्रिंसिपल गीता ने बताया कि इस वर्ष सुरक्षा व्यवस्था पिछले साल की तुलना में और सुदृढ़ रही। केंद्र पर निगरानी, प्रवेश जांच और अनुशासनात्मक प्रोटोकॉल बेहतर तरीके से लागू किए गए, जिससे परीक्षा निर्विघ्न सम्पन्न हुई। छात्रों के अनुसार कुल मिलाकर सामाजिक विज्ञान का पेपर विद्यार्थी-अनुकूल रहा।