सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने सोमवार सुबह 130 मीटर रोड पर चेकिंग के दौरान मुठभेड़ में दो बदमाशों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान मेरठ निवासी अरमान उर्फ गब्बर व संभल निवासी विशाल के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी बुलंदशहर निवाली विपिन मौके से फरार हो गया। जिसकी तलाश जारी है। आरोपियों के कब्जे से तमंचा, कारतू, घटना में प्रयुक्त बाइक और लूट के छह मोबाइल फोन बरामद किए हैं। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल भेजा गया है। डीसीपी सेंट्रल नोएडा शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि सूरजपुर पुलिस टीम सुबह 130 मीटर रोड पर नियमित चेकिंग कर रही थी। तभी तिलपता गोलचक्कर की ओर से आ रही बिना नंबर प्लेट की स्प्लेंडर बाइक पर सवार तीन संदिग्ध युवकों को रुकने का इशारा किया गया। पुलिस को नजरअंदाज करते हुए उन्होंने भागने की कोशिश की और पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई करते हुए पीछा किया। जिसमें दो बदमाश गोली लगने से घायल हो गए। गिरफ्तार बदमाशों की पहचान अरमान उर्फ गब्बर और विशाल के रूप में हुई है। तीसरा आरोपी बुलंदशहर निवाली विपिन मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश के लिए कांबिंग की जा रही है। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अरमान और विशाल सूरजपुर कोतवाली में दर्ज दो गंभीर मामलों में वांछित थे। इन अपराधियों का पुराना आपराधिक इतिहास भी सामने आया है। इन पर आर्म्स एक्ट, चोरी, लूट और हत्या के प्रयास सहित कई गंभीर धाराओं में कुल आठ मामले विभिन्न थानों में दर्ज हैं। जिनमें से अधिकतर सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र से जुड़े हैं। कार्रवाई में शामिल टीम को उनके साहस और कार्यकुशलता के लिए 20 हजार रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।