ग्रेटर नोएडा में पुलिस से डरने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस आपके अधिकारों की सुरक्षा के लिए हमेशा 24 घंटे उपलब्ध रहती है। बिना डर व झिझक के पुलिस को अपना दोस्त मानकर अपनी बात कह सकते हैं। मुसीबत में हिम्मत से काम लेना होगा। यदि एक बार आप चुप हो गई। तो आगे भी आपके साथ अन्याय हो सकता है। इसके लिए हमें खुद आवाज उठानी होगी। यह बातें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-39 स्थित महिला थाने में पहुंची छात्राओं से एसीपी महिला सुरक्षा प्रशाली गंगवार ने कहीं। उन्होंने ग्रेटर नोएडा वेस्ट स्थित रायन इंटरनेशनल स्कूल की छात्राओं को बताया कि महिला के विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना किसी भी थाने के महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 या डायल 112 पर दी जा सकती है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल कम से कम करें। अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अगर कोई फोन या मैसेज करके, स्कूल-कोचिंग आने-जाने के दौरान रास्ते में परेशान कर रहा है तो हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं। उन्होंने बताया कि अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम अच्छी पहल है। इसके माध्यम से छात्राओं को कई जानकारी मिल रही हैं। छात्राएं बिना झिझक के सवाल पूछ रही हैं।