सूरजपुर कोतवाली क्षेत्र के सेक्टर डेल्टा-1 स्थित कावेरी सिटी सेंटर के बाहर दो गुटों के बीच जमकर मारपीट हो गई। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। जिसमें कुछ युवक एक युवक को पीटते नजर आ रहे हैं। मारपीट की यह घटना कावेरी सिटी सेंटर के बाहर सड़क किनारे की बताई गई है। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि चार से पांच युवक एक युवक के साथ बेरहमी से मारपीट कर रहे हैं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार घटना के वक्त दोनों पक्ष शराब के नशे में थे। मामूली कहासुनी ने देखते ही देखते हिंसक रूप ले लिया और सड़क पर ही हाथापाई शुरू हो गई। वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस हरकत में आ गई है। सूरजपुर कोतवाली पुलिस ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लिया गया है और जांच शुरू कर दी गई है। सीटीवी फुटेज और वीडियो के आधार पर आरोपियों की पहचान की जा रही है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर कार्रवाई की जाएगी।