नॉलेज पार्क स्थित ट्रिनिटी इंस्टीट्यूट ग्रेटर नोएडा में बुधवार से कमल रानी टंडन की याद में वार्षिक खेलकूद प्रतियोगिता सीजन-1 का आयोजन किया गया। खो-खो स्पर्धा के बालिका वर्ग में मुकाबले खेले गए। जिसमें जिले से करीब 16 स्कूलों की खो-खो टीमों ने हिस्सा लिया। मीडिया प्रभारी टीना वर्मा ने बताया कि स्पर्धा का पहला मुकाबला किसान आदर्श इंटर कॉलेज और श्रीराम इंटर कॉलेज के बीच खेला गया। इसमें श्रीराम कॉलेज ने किसान आदर्श कॉलेज को 14-12 अंक से पराजित किया। शैफाली पब्लिक स्कूल ने एसएस मेमोरियल पब्लिक स्कूल को 16-13 अंक, सीएलएम पब्लिक स्कूल ने एचएल इंटरनेशनल स्कूल को 10-8 अंक, जीसस मैरी कॉन्वेंट स्कूल ने अमीचंद इंटर कॉलेज कासना को 13-10 अंक, भारतीय आदर्श वैदिक बालिका इंटर कॉलेज ने नेहरू स्मारक इंटर कॉलेज को 15-10 अंक से पराजित किया। सभी विजेता टीम ने अगले राउंड के लिए स्थान पक्का किया है। प्रतियोगिता का शुभारंभ खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर कॉलेज के संचालक श्रेया टंडन व लक्ष्य टंडन ने किया। बालक वर्ग में शुक्रवार से क्रिकेट के मुकाबले खेले जाएंगे। क्रिकेट स्पर्धा में 32 टीमें हिस्सा लेंगी। संस्था के निदेशक प्रो. डॉ. अभिन्न बक्शी भटनागर, गुंजन भाटी, सपना भाटी, आशीष नागर, तुषार गुप्ता, पवन, अर्चना पाल ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।