ग्रेटर नोएडा में दो साल से सोसाइटी को जाने वाली सड़क का पैचवर्क कराने के लिए निवासी अधिकारियों के चक्कर लगा रहे हैं, लेकिन कोई सुनने वाला नहीं है। सड़क खराब होने के कारण कई लोग अब तक चोटिल भी हो चुके हैं। सड़क में यूटर्न नहीं होने के कारण लोग उल्टी साइट से आवाजाही करते हैं। जिसके कारण हासदे बढ़ते जा रहे हैं। यह सभी मुद्दें अमर उजाला की ओर से ग्रेनो वेस्ट में स्थित एपैक्स होम्स एवेन्यू सोसाइटी के निवासियों ने रविवार को उठाए। उन्होंने कहा कि सालों से समस्याओं का सामना कर रहे हैं, लेकिन उनकी कोई सुनने वाला नहीं है। अधिकारियों से शिकायत करने पर भरोसा दे दिया जाता है कि समाधान होगा, लेकिन अब तक कोई समाधान नहीं हुआ है। निवासियों ने बताया कि सर्विस रोड़ का निर्माण कराया जा रहा है। जब मुख्य सड़क ही सही नहीं है तो सर्विस रोड़ के बनाने का क्या फायदा होगा। उनका कहना है कि डैनेज सिस्टम खराब पड़ा हुआ है। सोसाइटी के सामने निर्माणाधीन प्रोजेक्ट में नियमों को दरकिनार करके कार्य किए जा रहे हैं। वहां काम करने वाले कामगारों ने झुगियां बना ली हैं। वह गंदगी फैला रहे हैं,जिसके कारण पूरी सेंट्रल वर्ज खराब हो चुकी है। उन्होंने बताया कि सोसाइटी के सामने एक कॉलेज के पास ही शराब की दुकान खोल दी गई है। इसके कारण अराजकता तत्वों का जमावड़ा बढ़ता जा रहा है। चोरी की घटनाएं बढ़ गई है। पुलिस की पेट्रोलिंग नहीं होने के कारण काफी परेशानी महिलाओं को हो रही है।