ग्रेनो वेस्ट की सुपरटेक इको विलेज तीन सोसाइटी में रविवार को अमर उजाला संवाद का आयोजन किया गया, जहां निवासियों ने रजिस्ट्री, लिफ्ट, पार्किंग, क्लब सहित कई मुद्दों को उठाया। निवासियों ने आरोप लगाया कि मेंटेंनेंस देने के बाद भी कोई सुविधा नहीं मिल रही हैं। मेंटेंनेंस एजेंसी से कई बार समस्याओं के समाधान के लिए कहा गया, लेकिन अब तक कोई कार्रवाई नहीं की गई है। निवासियों ने बताया कि सोसाइटी में 1200 से अधिक परिवार रहे हैं। हर परिवार को प्रतिदिन कई परेशानियों का सामना करना पड़ता है। मेंटेंनेंस देने के बाद भी कोई सुविधा ही नहीं है। 18 में से 16 टॉवर के निवासियों को कई सालों से रजिस्ट्री होने का इंतजार है। जबकि निवासियों की ओर से पूरा भुगतान तक दिया गया है। अब तक क्लब हाउस तक की सुविधा नहीं मिल पाई है। सोसाइटी में कई टॉवरों में एक ही लिफ्ट काम कर रही है। उसका भी रखरखाव सही से नहीं होने पर लिफ्ट आएदिन खराब रहती है,जिसकी वजह से निवासियों को 20 फ्लोर तक सीढ़ियों का सराहा लेना पड़ता है।