ग्रेटर नोएडा। यूपी टी-20 क्रिकेट लीग में शामिल नोएडा किंग्स टीम के लिए खिलाड़ियों के चयन को लेकर बृहस्पतिवार को शहीद विजय सिंह पथिक स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स में ट्रायल आयोजित किए गए। ट्रायल में गौतमबुद्ध नगर समेत आसपास के कई जिलों से आए 300 से अधिक क्रिकेटरों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया। ट्रायल के दौरान खिलाड़ियों की बल्लेबाजी, गेंदबाजी और फिटनेस का विशेषज्ञों द्वारा आकलन किया गया। चयनकर्ताओं ने खिलाड़ियों के प्रदर्शन का बारीकी से मूल्यांकन किया, जिसके आधार पर प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन किया जाएगा।ट्रायल में बेहतर प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को आगामी 24 जुलाई को आगरा में आयोजित होने वाले यूपी टी-20 क्रिकेट लीग के ऑक्शन में शामिल होने का अवसर मिलेगा। ऑक्शन के बाद चयनित खिलाड़ियों को नोएडा किंग्स टीम का हिस्सा बनने का मौका मिलेगा। आयोजकों ने बताया कि ट्रायल का उद्देश्य क्षेत्र के प्रतिभाशाली क्रिकेटरों को बड़ा मंच उपलब्ध कराना और उन्हें पेशेवर क्रिकेट में आगे बढ़ने का अवसर देना है। खिलाड़ियों ने भी पूरे उत्साह और जोश के साथ ट्रायल में हिस्सा लिया। इस ट्रायल में पूरी यूपी से ओवरऑल 300 से अधिक खिलाड़ियों ने भाग लिया। जिसमें नोएडा जोन से ही करीब 200 खिलाड़ियों ने भाग लिया।