ग्रेटर नोएडा वेस्ट के सेक्टर वन में डेंगू, वायरल बुखार और मलेरिया के मामले सामने आए हैं। यहां पर फैली पड़ी गंदगी और कूड़े के बने पहाड़ स्थानीय लोगों के लिए मुसीबत बन चुके हैं। इनमें से अधिकतर मरीजों का उपचार निजी अस्पतालों में चल रहा है। वहीं दूसरी ओर जिम्स की ओपीडी में डेंगू, वायरल और मलेरिया के मरीज आना जारी हैं। यहां पिछली बार भी क्षेत्र में फैली गंदगी के कारण बीमारी फैल गई थी। जिससे सेक्टर में रहने वाले लगभग 10 हजार परिवारों के हर घर में कम से कम एक व्यक्ति बीमार पड़ा था। वहीं, सोमवार को स्थानीय लोगों ने सोशल मीडिया पर कूड़े के लगे पहाड़, फैली गंदगी और बजबजाती नालियों की फोटो वीडियो डालकर जिम्मेदारों पर तंज कसा है। सोशल मीडिया पर फोटो वीडियो डालने के बाद जिम्मेदारों ने स्थानीय लोगों से सम्पर्क कर जल्द समस्या का निस्तारण किए जाने का अश्वासन दिया है। इसके अलावा आज ही उन्होंने संबंधित विभाग को भेजकर नालियों को साफ कराने का कराया है। वहीं कूड़े के लगे पहाड़ को लेकर कहा कि इसके लिए टेंडर प्रकिया जारी की जाएगी।