ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित मलकपुर स्पोर्ट्स स्टेडियम में चल रहे दो दिवसीय जिला जूनियर बालक-बालिका खेलकूद प्रतियोगिता में मंगलवार को दूसरे दिन एथलेटिक्स, बैडमिंटन, जूडो व कबड्डी में मुकाबले में हुए। इन मुकाबलों में जिले भर से बड़ी संख्या में खिलाड़ियों ने उत्साहपूर्वक हिस्सा लिया और अपनी प्रतिभा का बेहतर प्रदर्शन किया। वहीं, पहले दिन नेटबॉल, बास्केटबॉल, हैंडबॉल, वॉलीबॉल, वुशु और बॉक्सिंग सहित कुल छह खेलों के मुकाबले आयोजित हुए थे। सभी विजेताओं को पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। प्रभारी जिला क्रीड़ा अधिकारी डॉ. परवेज अली ने बताया कि जिले की उभरती प्रतिभाओं को निखारने और खेल कूद में बेहतर मंच देने के लिए दो दिवसीय जिला स्तरीय खेलकूद प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में जिलेभर से भारी संख्या में खिलाड़ियों ने भाग लिया और पदक जीतने के लिए बेहतर प्रदर्शन किया। मंगलवार को आयोजित चारों खेल स्पर्धाओं में खिलाड़ियों ने अच्छा प्रदर्शन करते हुए प्रथम, द्वितीय और तृतीय स्थान प्राप्त किए। निर्णायक के रूप में प्रशिक्षक शीलंकूर, ज्योति, विजय राहुल, अंजुम मालिक, सुमित कुमार, सरताज अली, शिवम्, हर्ष कश्यप, शिवम सक्सेना, कुलदीप भाटी, ओमपाल सिंह नागर, कार्यालय सहायक देवेंद्र कौशिक आदि मौजूद रहे।