ग्रेटर नोएडा में सेक्टर बीटा-2 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में भगवान श्री जगन्नाथ की भव्य रथ यात्रा (कार फेस्टिवल-2026) का आयोजन बृहस्पतिवार, 16 जुलाई को किया जाएगा। हर वर्ष की तरह इस बार भी यात्रा को लेकर श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। मंदिर समिति के अनुसार इस धार्मिक आयोजन में हजारों श्रद्धालुओं के शामिल होने की संभावना है। सेक्टर बीटा-2 स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर के अध्यक्ष धीरेंद्र कुमार मलिक ने बताया कि भगवान श्री जगन्नाथ की रथ यात्रा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का प्रमुख धार्मिक आयोजन है। उन्होंने बताया कि इस यात्रा का सबसे प्रसिद्ध आयोजन ओडिशा के पुरी में सदियों से होता आ रहा है। धार्मिक मान्यता के अनुसार भगवान श्री जगन्नाथ अपने बड़े भाई भगवान बलभद्र और बहन देवी सुभद्रा के साथ रथ पर सवार होकर भक्तों को दर्शन देने के लिए नगर भ्रमण पर निकलते हैं।