फरीदाबाद से जोड़ने वाले मंझावली पुल परियोजना में शुक्रवार को गौतम बुद्ध नगर क्षेत्र में पांच किलोमीटर के संपर्क मार्ग निर्माण कार्य का शिलान्यास किया गया। पुल से उतरने के 400 मीटर तक हरियाणा क्षेत्र में सड़क बनी है। इसके बाद पांच किलोमीटर संपर्क मार्ग से यमुना एक्सप्रेसवे की पैरेलल सर्विस रोड को जोड़ा जाना है। उत्तर प्रदेश लोक निर्माण विभाग इसका निर्माण कर रहा है। 66 करोड़ रुपये की लागत से पांच किलोमीटर की चार लेन की सड़क बनाई जाएगी। इसमें लगभग ढाई किलोमीटर की सड़क पूर्ण रूप से बनेगी। साथ ही लगभग ढाई किलोमीटर की सड़क का चौड़ीकरण किया जाएगा।