फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

ग्रेटर नोएडा: शादियों में फिजूलखर्ची रोकने को मुरशदपुर गांव में पंचायत, DJ पर लगा दिया प्रतिबंध

दहेज और शादियों में बढ़ती फिजूलखर्ची को रोकने के उद्देश्य से गौतमबुद्धनगर के मुरशदपुर गांव में एक पंचायत का आयोजन किया गया। पंचायत में समाज के लोगों ने विवाह समारोहों में होने वाले अनावश्यक खर्चों पर रोक लगाने के लिए कई महत्वपूर्ण फैसले लिए। इन फैसलों को लेकर सोशल मीडिया पर वीडियो भी वायरल किए जा रहे हैं, ताकि अधिक से अधिक लोग जागरूक हो सकें। ग्रामीणों ने बताया कि गौतमबुद्धनगर क्षेत्र में शादियों में अनाप-शनाप खर्च लगातार बढ़ता जा रहा है। इसे देखते हुए पंचायत में विभिन्न सामाजिक मुद्दों पर विचार-विमर्श किया गया और सामूहिक सहमति से कई नियम तय किए गए। पंचायत में निर्णय लिया गया कि अब शादी-विवाह या किसी भी पारिवारिक आयोजन में डीजे नहीं बजाया जाएगा। बारात में डीजे ले जाने पर भी प्रतिबंध रहेगा। इसके अलावा, विवाह के दौरान बहन द्वारा भाई के घर भात नौतने की परंपरा में भी सीमित संख्या में लोग शामिल होंगे। इस कार्यक्रम में केवल परिवार के सदस्य ही जाएंगे। इसी तरह शादी में भात देने के लिए जाने वाले लोगों की संख्या भी सीमित रखने का निर्णय लिया गया। पंचायत ने यह भी तय किया कि बहन पक्ष की ओर से दिए जाने वाले मिठाई, गिफ्ट या अन्य सामान को स्वीकार नहीं किया जाएगा। विवाह समारोहों में बारात और अन्य आयोजनों में शामिल होने वाले लोगों की संख्या भी सीमित रखने पर सहमति बनी। ग्रामीणों का कहना है कि इन फैसलों का उद्देश्य सामाजिक दिखावे और आर्थिक बोझ को कम करना है। पंचायत में यह भी तय किया गया कि सबसे पहले इन नियमों का पालन गांव स्तर पर किया जाएगा। लोगों को समझाकर और जागरूक करके इन फैसलों को लागू कराने का प्रयास किया जाएगा। इसके लिए सोशल मीडिया का भी सहारा लिया जा रहा है। ग्रामीणों ने बताया कि आसपास के गांवों के प्रमुख लोगों से भी संपर्क किया जा रहा है, ताकि वे भी अपने गांवों में ऐसी पंचायत आयोजित कर इन नियमों को लागू करने के लिए लोगों को प्रेरित कर सकें।

विज्ञापन

Latest

Recommended

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन
AU ऐप में पढ़ें