नोएडा के सेक्टर-12 स्थित राजकीय इंटर कॉलेज में इनडोर स्टेडियम का निर्माण कार्य तेजी से चल रहा है। स्टेडियम का निर्माण अप्रैल से शुरू हुआ था और अगले तीन से चार महीने में इसके पूरा होने की उम्मीद है। स्टेडियम बनने के बाद सरकारी स्कूलों की विभिन्न खेल प्रतियोगिताएं और खेल गतिविधियां यहां आयोजित की जाएंगी, जिससे खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं मिल सकेंगी। अलंकार परियोजना के तहत इसका निर्माण कार्य किया जा रहा है। इसी क्रम में विद्यार्थियों के लिए बैठकर मिड-डे मील करने की व्यवस्था की गई है। इसके लिए परिसर में बेंचें लगाई गई हैं, ताकि छात्र-छात्राएं स्वच्छ और व्यवस्थित वातावरण में भोजन कर सकें। विद्यालय प्रशासन का कहना है कि स्टेडियम और अन्य सुविधाओं के विकसित होने से छात्रों को खेलों के साथ-साथ बेहतर शैक्षणिक माहौल भी मिलेगा।