कोहरे में मुख्य मार्गों पर बने अवैध कट वाहन चालकों और पैदल राहगीरों के लिए खतरनाक साबित हो सकते हैं। अमर उजाला की ओर शहर के मुख्य मार्गों पर शुक्रवार को पड़ताल की गई। इस दौरान शहर के विभिन्न मुख्य मार्गों के अलावा ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर भी अवैध कट मिले। इनसे पैदल राहगीर, साइकिल सवार और दो पहिया वाहन सवार गुजरते दिखाई दिए। जो सभी हादसों को दावत देते हुए दिखाई दिए। कुछ वाहन चालक ऐसे भी दिखे जो कैमरा देख वाहनों को मोड़ चलते बने। अवैध कट से सड़क पर मुड़ते समय किसी के भी साथ हादसा हो सकता है। सर्दी का मौसम शुरू हो चुका है। इस दौरान घने कोहरे के साथ स्मॉग की चादर से शहर में धुंध छाने से दृश्यता कम हो जाती है। यहां तक की दिन में 20 से 50 मीटर तक रहती है। तो रात को 20 मीटर से भी कम हो जाती है। ऐसे में शहर के साथ ही ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कों पर बने अवैध कट औऱ अंधे मोड़ वाहन चालकों के लिए मुसीबत बन सकते हैं। इतना ही नहीं ओमीक्रॉन-3 के पास 130 मीटर रोड और डेल्टा-वन के अलावा अन्य शहर के मुख्य मार्गों पर आवारा जानवर बीच में टहलते और बैठे रहते हैं। इससे भी हादसों के होने की संभावना बढ़ जाती है।