बिसरख कोतवाली पुलिस ने आधार कार्ड में पता बदलकर फर्जी नोटरी, रेंट एग्रीमेंट, दस्तावेजों से बिना पुलिस सत्यापन के पासपोर्ट बनवाकर लोगों को विदेश भेजने वाले गिरोह का पर्दाफाश करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की पहचान सचिन जौहरी निवासी एक्जोटिका ड्रीम विले गौर सिटी, एस विनोद कुमार निवासी गोल्फ होम सेक्टर-4 ग्रेटर नोएडा, संजीद डे निवासी गोल्फ होम्स सेक्टर-4 ग्रेटर नोएडा, संदीप कुमार निवासी राजनगर एक्सटेंशन नंदग्राम गाजियाबाद, वीरेंद्र कुमार निवासी जी-47 गामा-2, वीरेन्द्र सक्सेना निवासी सेक्टर 12 प्रताप विहार गाजियाबाद, दुर्गेश कुमार निवासी बबिता कालोनी बहलोलपुर के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपियों के पास से 14 सील मुहर नोटरी, एक इंक पैड, 98 नोटोरियल टिकिट, फर्जी कूटरचित रेंट एग्रीमेंट, फर्जी पते का एक पासपोर्ट, पांच कंप्यूटर से (सीपीयू+मॉनिटर कीबोर्ड+माउस), फिंगर स्केनर मशीन, एक नाम के अलग-अलग पते के दो आधार कार्ड, एक पेन कार्ड, दो बैंक पासबुक, पांच मोबाइल फोन, 10 स्टांप नोटरी, एक लैपटॉप बरामद किया है। डीसीपी शक्ति मोहन अवस्थी का कहना है कि एस विनोद कुमार, संजीद डे के ऑनलाइन पासपोर्ट आवेदन फार्म प्राप्त होने पर बिसरख कोतवाली से जब पुलिसकर्मी जांच के लिए पासपोर्ट पर दर्ज पते पहुंचे तो वहां के फ्लैट मालिक ने कहा कि संबंधित नाम के कोई भी किरायेदार नहीं रहते है। पुलिस एस विनोद कुमार, संजीद डे से संपर्क करती हुई महागुन मार्ट स्थित में सचिन जौहरी की शॉप नंबर-127 खन्ना किड्स जंक्शन/जनसेवा केंद्र पर पहुंची।