ग्रेटर नोएडा में महिलाओं के विरुद्ध होने वाले अपराधों की सूचना किसी भी थाने के महिला हेल्प डेस्क, महिला थाना, महिला हेल्पलाइन नंबर 1091 या डायल 112 पर दी जा सकती है। सोशल मीडिया का इस्तेमाल कम से कम करें। अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। यह बातें अमर उजाला फाउंडेशन की ओर से आयोजित दोस्त पुलिस कार्यक्रम के दौरान सेक्टर-39 स्थित महिला थाने में पहुंची छात्राओं से थानाध्यक्ष संदीपा चौधरी ने कहीं। उन्होंने तुगलपुर उच्च प्राथमिक स्कूल कि छात्राओं से कहा कि पुलिस से डरने की कोई जरूरत नहीं है। पुलिस आपके अधिकारों की सुरक्षा के लिए हमेशा 24 घंटे उपलब्ध रहती है। बिना डर व झिझक के पुलिस को अपना दोस्त मानकर अपनी बात कह सकते हैं। मुसीबत में हिम्मत से काम लेना होगा। यदि एक बार आप चुप हो गईं तो आगे भी आपके साथ अन्याय हो सकता है। उन्होंने कहा कि अपनी निजी जानकारी किसी के साथ साझा न करें। अगर कोई फोन या मैसेज करके, स्कूल-कोचिंग आने-जाने के दौरान रास्ते में परेशान कर रहा है तो हेल्पलाइन की मदद ले सकते हैं। बिना पहचान वाले नंबर से आने वाली वीडियो कॉल रिसीव न करें। क्योंकि इस तरह की वीडियो कॉल के बाद ब्लैकमेल करके पैसे मांगे जाते हैं। छात्राओं ने महिला थाने के हर पटल के बारे में जाना।