लगातार दो दिन से हो रही बारिश और तेज हवाओं के चलते शुक्रवार को जिले की हवा इस महीने सबसे साफ दर्ज की गई। जिले का वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) गिरकर 55 पर पहुंच गया, जो ग्रीन जोन में है। बारिश और हवाओं से प्रदूषण का स्तर कम होने के साथ ही मौसम में ठंडक भी बढ़ गई है। वहीं, सुबह से ही कई इलाकों में कम दृश्यता के कारण वाहन चालकों को परेशानी का सामना करना पड़ा। मौसम विभाग के अनुसार शुक्रवार को जिले का अधिकतम तापमान 25 डिग्री और न्यूनतम तापमान 18 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही शहर के अलग-अलग हिस्सों में हल्की बूंदाबांदी होती रही। आसमान में बादल छाए रहने और बारिश के चलते कई इलाकों में दृश्यता कम हो गई। ऐसे में वाहन चालक दिन में भी हेडलाइट जलाकर सड़कों पर चलते नजर आए।