नोएडा सेक्टर 39 स्थित राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय में 10 दिसम्बर से परीक्षा शुरू हो रहे हैं। महाविद्यालय में दो हजार से अधिक छात्र- छात्राएं पढ़ाई कर रहे हैं। लेकिन अभी तक सैकड़ो छात्रों के फॉर्म नहीं भर पाए हैं। छात्रों को फॉर्म भरने के बाद अकाउंट से फीस तो कट जा रही है लेकिन आगे की प्रक्रिया नहीं हो रही है। साथ ही कई छात्रों के रजिस्ट्रेशन नम्बर भरने में भी कई गलती आ रहीं हैं। इस वजह से छात्रों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। महाविद्यालय के छात्रों ने इस समस्या को लेकर राजकीय स्नात्तकोत्तर महाविद्यालय के प्रधानाचार्य प्रोफेसर आरके गुप्ता को अवगत कराया है। प्रधानाचार्य का कहना है कि चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय को इसके संबंध में सूचित कर दिया गया है। चौधरी चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ के प्रथम वर्ष, तृतीय वर्ष और पांचवें सेमेस्टर के छात्रों के 10 दिसम्बर से परीक्षाएं शुरू होनी हैं। साथ ही विवि की ओर से ऑनलाइन फॉर्म भरने की तारीख पांच दिसंबर रखी गई है और विद्यालय में 8 दिसंबर तक फॉर्म जमा होने हैं। विश्वविद्यालय ने छात्रों को ऑनलाईन और ऑफलाईन दोनों तरीकों से फॉर्म भरने की सुविधा दी हैं। लेकिन लोड बढ़ने से कई बार वेबसाइट में टेक्निकल खराबी आने के कारण छात्र फॉर्म नहीं भर पा रहे हैं। इन समस्याओं को लेकर बच्चे प्रधानाचार्य के पास चक्कर काट रहे हैं, और कई छात्रों ने फॉर्म भरने के दौरान पोर्टल में आ रही दिक्कतों के स्क्रीनशॉट प्रिंसिपल को भेजे हैं। प्रधानाचार्य ने पोर्टल संभाल रही कंपनी को मेल भेजी गई है ताकि वह इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द कर सकें। इससे ज्यादा से ज्यादा छात्रों को परीक्षा में बैठने का मौका मिल सकेगा।