कासना कोतवाली पुलिस ने रविवार को एक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर संचालित क्रिकेट सट्टेबाजी गिरोह का भंडाफोड़ किया है। इस कार्रवाई में आठ आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान भीम सिंह और नारायण (राजस्थान), ध्रुव और सन्नी जेतवा (गुजरात), मुकीम (हरियाणा), विशाल कुमार (हरियाणा), हिमांशु और सुखदेव सिंह (दिल्ली) के रूप में हुई है। ये सभी नोएडा की हाईराइज सोसायटियों में किराये पर रहकर सट्टेबाजी का यह पूरा रैकेट चला रहे थे। पुलिस ने आरोपियों के पास से चार लैपटॉप, 26 मोबाइल फोन, 16 सिम कार्ड, तीन बैंक पासबुक, दो चेकबुक, एक पासपोर्ट, दो रजिस्टर जिनमें प्रतिदिन का हिसाब लिखा बरामद किया है। खुलासा राजस्थान से आए एक व्यक्ति के अपने बेटे के अपहरण की सूचना पर हुआ। जांच में सामने आया कि यह पूरी कहानी एक सुनियोजित षड्यंत्र थी, जो अंतरराष्ट्रीय सट्टा नेटवर्क से जुड़ी हुई थी, जिसमें अपरहण की सूचना भी फर्जी निकली है।