ग्रेटर नोएडा प्राधिकरण की ओर से सोमवार से सिटी ई-बस सेवा का संचालन शुरू कर दिया गया। पहले दिन बसों में यात्रियों की संख्या अपेक्षाकृत कम दिखाई दी। ई-बस के चालक ने बताया कि बस का आधुनिक इंटीरियर और एसी सुविधा देखकर कई लोग यह समझ रहे हैं कि इसका किराया अधिक होगा। हालांकि, किराया सामान्य होने के कारण आने वाले समय में अधिक से अधिक यात्री इस सेवा का लाभ उठाएंगे। चालक ने बताया कि उसका भी संचालन का पहला दिन है और उसे अभी सभी बस स्टॉप की पूरी जानकारी नहीं है। इसी वजह से पहले दिन यात्रियों की संख्या कम रही। बस में सफर कर रहे यात्री मनीष ने बताया कि ई-बस में यात्रा का अनुभव काफी अच्छा रहा। उन्होंने कहा कि कम किराये में एसी बस की सुविधा मिलना यात्रियों के लिए राहत की बात है। वहीं एक अन्य यात्री नितिन ने बताया कि बस का सफर आरामदायक रहा। बस पूरी तरह साफ-सुथरी थी और कहीं भी गंदगी नजर नहीं आई। साथ ही बस का संचालन भी काफी सुचारू रहा, जिससे यात्रा सुखद रही।