नोएडा। अंतर्राष्ट्रीय कंगारू देखभाल जागरूकता दिवस (International Kangaroo Care Awareness Day) के अवसर पर शुक्रवार को नवजात शिशुओं की देखभाल में कंगारू मदर केयर (KMC) की भूमिका को लेकर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है । डॉ. मीरा ने बताया कि यह थेरेपी समय से पहले जन्मे और कम वजन वाले बच्चों के लिए बेहद प्रभावी और सुरक्षित तरीका है। उन्होंने कहा कि कंगारू मदर केयर में मां अपने नवजात शिशु को सीधे सीने से लगाकर रखती है, जिससे बच्चे को मां की गर्माहट, धड़कन और सुरक्षा का एहसास मिलता है। इससे बच्चे का शरीर का तापमान नियंत्रित रहता है, वजन तेजी से बढ़ता है और संक्रमण का खतरा कम होता है। डॉ. मीरा ने बताया कि यह थेरेपी केवल बच्चे के लिए ही नहीं, बल्कि मां के लिए भी बेहद महत्वपूर्ण है। इससे मां और शिशु के बीच भावनात्मक जुड़ाव मजबूत होता है और मां में आत्मविश्वास बढ़ता है। साथ ही स्तनपान को भी बढ़ावा मिलता है। अस्पतालों और घरों दोनों जगह कंगारू मदर केयर को अपनाकर नवजात शिशुओं की मृत्यु दर को कम किया जा सकता है। जागरूकता दिवस का उद्देश्य लोगों को इस सरल लेकिन प्रभावी देखभाल पद्धति के प्रति जागरूक करना है।