नोएडा और ग्रेटर नोएडा के सभी पेट्रोल पंप पर 26 जनवरी से दोपहिया वाहन चालकों को हेलमेट के बिना पेट्रोल नहीं मिलेगा। इस संबंध में सोमवार को जिला आपूर्ति विभाग ने पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की और जरुरी दिशा-निर्देश दिए हैं। कहा है कि सभी पंप पर सीसीटीवी कैमरा दुरुस्त रखने होंगे। ताकि अगर हेलमेट को लेकर विवाद होता है तो कैमरों की फुटेज से जांच हो सके। प्रदेश सरकार ने हेलमेट के बिना दोपहिया वाहनों को पेट्रोल देने पर रोक लगा दी हैं। ताकि सड़क हादसों में हेलमेट के बिना होने वाली मौत पर अंकुश लगाया जा सके। यह आदेश 26 जनवरी से लागू होगा। जिला पूर्ति अधिकारी ओमहरि उपाध्याय ने बताया कि आदेश को लेकर सोमवार को कलेक्ट्रेट में पेट्रोल पंप संचालकों के साथ बैठक की गई। उनको बताया गया है कि 26 जनवरी से बिना हेलमेट के दोपहिया वाहनों को पेट्रोल नहीं देना होगा। अगर दोपहिया चालक के पास हेलमेट नहीं है तो उसको तेल नहीं दिया जाएगा। दोपहिया वाहन पर दो सवारी है तो चालक के साथ दूसरी सवारी के पास भी हेलमेट होना जरुरी होगा। अगर दूसरी सवारी पर हेलमेट नहीं है तो भी पेट्रोल नहीं मिलेगा। उन्होंने बताया कि कुछ दोपहिया वाहन चालक हेलमेट होने का दावा कर पेट्रोल नहीं देने का आरोप लगाएंगे। ऐसे में सभी पंप पर सीसीटीवी कैमरा दुरुस्त होने चाहिए। ताकि इस तरह के विवाद का निस्तारण कैमरों की फुटेज से किया जा सके। उन्होंने बताया कि 26 जनवरी से पहले सभी पंप संचालक दोपहिया वाहन चालकों को जागरूक करेंगे। साथ ही विभाग भी जागरूकता कार्यक्रम करेगा।