छठ महापर्व आज से नहाय खाय के साथ शुरू हो गया। बाजारों में छठ पूजा के सामानों की दुकानें सजकर तैयार हैं। सेक्टर सोसाइटियों में भी भव्य इंतजाम कर लिए हैं। पूजा के लिए घाटों पर भी लगभग सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं। समितियों की ओर से भोजपुरी, मैथिली भाषा के सुंदर भजनों के आयोजनों के लिए बिहार के गायकों को बुलाया गया है। मन में श्रद्धा का भाव लेकर कठिन व्रत रखने वाली महिलाएं मंगलवार से नहाय खाय के साथ छठ पूजा की शुरुआत कर दी है। अब आम की लकड़ी व नई ईंट से बने चूल्हे में सुगंधित शुद्ध सात्विक प्रसाद भी तैयार किया जाएगा। गगां तट की छठ की छटा आज भी याद आती है गौतमबुद्ध नगर के सेक्टर 151 निवासी ममता पांडे ने बताया कि वह मूलरूप से बिहार के बक्सर जिले से आती हैं। वह पिछले 20 सालों से छठ का व्रत रखती आ रही हैं। बक्सर जिले से गुजरने वाली गंगा नदी में वह अपने परिवार के साथ छठ महापर्व को बड़े ही धूमधाम से मनाती हैं। पति के व्यापार के चलते उन्हे कई अन्य शहरों में रहना पड़ा, वहां भी छठ का व्रत रखना नही छोड़ा और विधि विधान से पूजा भी की। लेकिन बक्सर में गंगा नदी के तट की छटा को वह आज भी बहुत याद करती हैं, उनका कहना हे कि छठ के दौरान गंगा नदी का वो प्राकृतिक सौंदर्य और सुबह शाम लगने वाली भीड़ बहुत मनभावन रहती थी। पर वो मनोरम दृश्य अब शहर में कहां।