ग्रेनो वेस्ट स्थित श्री राधा स्काई गार्डन सोसायटी के पास निर्माणाधीन लंदन मार्ट में बेसमेंट निर्माण के दौरान लगातार हो रही मानसूनी बारिश के चलते सड़क धंस गई और निर्माण स्थल की बाउंड्रीवाल भरभराकर गिर गई। गनीमत रही कि घटना के समय वहां कोई राहगीर या मजदूर इसकी चपेट में नहीं आया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार पिछले कई दिनों से हो रही बारिश के कारण निर्माण स्थल के आसपास की मिट्टी कमजोर हो गई थी। बेसमेंट की गहरी खुदाई और जलभराव के चलते सड़क का एक हिस्सा धंस गया, जिसके बाद बाउंड्रीवाल भी गिर गई। घटना के बाद आसपास के लोगों में दहशत फैल गई और मौके पर लोगों की भीड़ जुट गई। निवासियों का आरोप है कि निर्माण कार्य के दौरान सुरक्षा मानकों का पर्याप्त पालन नहीं किया गया। उनका कहना है कि यदि समय रहते आवश्यक सुरक्षा इंतजाम किए गए होते तो ऐसी स्थिति नहीं बनती। लोगों ने जिम्मेदारों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं सूचना मिलने पर निर्माण एजेंसी के प्रतिनिधि मौके पर पहुंचे और क्षतिग्रस्त हिस्से को सुरक्षित करने का काम शुरू कराया गया।