नोएडा सेक्टर 76 स्थित स्काईटेक मेट्रोट सोसाइटी में बुधवार को नोएडा प्राधिकरण, पुलिस बल और बिल्डर के लोग सोसाइटी के सील फ्लैट को खोलने पहुंचे, लेकिन सोसाइटी निवासियों ने जमकर विरोध किया और सील फ्लैट खोलने नहीं दिए। सभी गेट में ताला लगवा दिया गया और सोसाइटी निवासी खुद गेट के बाहर आ गए। सोसाइटी निवासियों ने कहा कि पहले हमारे फ्लैट की रजिस्ट्री करवाई जाए, इसके बाद ही सील फ्लैट खुल सकेंगे।सोसाइटी के एओए उपाध्यक्ष सौरभ सिन्हा ने बताया कि सोसाइटी के 29 फ्लैट को 18 दिसंबर 2024 को सील कर दिया गया था। सोसाइटी में कुल 716 फ्लैट हैं जिसमें 240 फ्लैटों की रजिस्ट्री नहीं हुई है, क्योंकि बिल्डर पर नोएडा प्राधिकरण का करीब 24.10 करोड़ रुपया बकाया है। इस वजह से नोएडा प्राधिकरण ने वसूली के लिए फ्लैटों की रजिस्ट्री पर रोक लगा रखी है। वहीं, 240 फ्लैटों में एक भी फ्लैट की रजिस्ट्री शुरू किए बिना प्राधिकरण बिल्डर के साथ मिलकर 24.10 करोड़ की वसूली सुनिश्चित किए बिना सभी फ्लैटों को डी-सील करना चाहता है। बुधवार को नोएडा प्राधिकरण के इस आदेश के खिलाफ निवासियों ने कड़ा विरोध जताया। भारी संख्या में लोग सोसाइटी के मुख्य द्वार पर आ गए और उन्होंने पुलिस और प्राधिकरण के अधिकारियों का घेराव किया। सोसाइटी के सभी गेटों पर ताला लगा दिया गया और प्राधिकरण अधिकारियों और पुलिसकर्मियों को सोसाइटी में प्रवेश करने से रोक दिया गया।