शहर के सेक्टर व सोसाइटियों में रहने वालों के लिए कुत्ते जी का जंजाल बनते जा रहे है। कुत्तों का आतंक थमने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार के बाद बुधवार को सेक्टर बीटा एक में लावारिस कुत्ते ने एक लड़की को अपना शिकार बना लिया। कुत्ते ने बच्ची के पैर पर काट लिया। ऐसे में आसपास के लोगों ने आकर उसकी जान को बचाई। लोगों का आरोप है कि आए दिन सेक्टर में घटनाएं बढ़ती जा रही है। आरोप है कि प्राधिकरण के अधिकारी केवल शेल्टर होम बनाने की बात कर रहे हैं,लेकिन अब तक कुछ भी काम धरातल पर नहीं है। लावारिस कुत्ते लोगों को लगातार काटते जा रहे हैं। सेक्टर के महासचिव हरेंद्र भाटी ने बताया कि बुधवार सुबह पार्क से जाते समय एक बच्ची पर लावारिस कुत्तों ने हमला कर दिया, इस दौरान कुत्तों द्वारा बच्ची के पैर पर काट लिया गया। उनका कहना है कि सेक्टर में लगातार कुत्ते काटने की घटनाएं बढ़ रही हैं। अभी सोमवार को एक बच्ची के पीछे लावारिस कुत्ते भाग लिए थे, जिससे जान बचाने के लिए भागते समय वह नीचे गिर गई और कुत्तों द्वारा उसके शरीर पर जगह-जगह काट लिया गया, जिसका वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। वही, इस तरह की घटनाओं से लोगों को घर से बाहर अकेला निकालने में डर लग रहा है। प्राधिकरण से शिकायत की जाती है, लेकिन अधिकारी कोई सुनवाई करने को लिए तैयार नहीं है। लावारिस कुत्तों के आतंक से सभी लोग परेशान है।