गुरुग्राम। मदनपुरी में एक युवक और युवती ने मिलकर घर के बाहर खड़ी एक स्कूटी का ताला तोड़कर चोरी कर ली। वारदात से पहले दोनों गली में हाथ पकड़कर घूमते हुए रेकी कर रहे थे। इससे पहले उन्होंने एक अन्य स्कूटी चोरी करने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं हो सके। पूरी घटना गली में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। पीड़ित की शिकायत पर न्यू कॉलोनी थाना पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। मदनपुरी निवासी दीपक शर्मा ने बताया कि बृहस्पतिवार रात करीब साढ़े दस बजे वह अपने दोस्त के घर गली नंबर नौ में गए थे। उनकी स्कूटी घर के बाहर खड़ी थी। करीब एक घंटे बाद लौटने पर उन्होंने देखा कि स्कूटी गायब है। सीसीटीवी फुटेज में दिखाई दिया कि युवक-युवती ने मिलकर स्कूटी चोरी की। फुटेज में यह भी नजर आया कि चोरी से पहले दोनों हाथ में हाथ डाले काफी देर तक इलाके में घूमते रहे और वाहनों की रेकी करते रहे। दीपक ने बताया कि पहले दोनों ने एक स्कूटी को निशाना बनाया, लेकिन युवती उसका लॉक नहीं तोड़ सकी। उसी दौरान स्कूटी मालिक आ गया, जिससे वह बात कर आगे बढ़ गई। इसके बाद उन्होंने पास में खड़ी दूसरी स्कूटी का लॉक तोड़ा और युवती स्कूटी चलाकर फरार हो गई, जबकि युवक पैदल उसके पीछे चला गया।