नगर निगम मानेसर के तहत आने वाले भांगरौला गांव में सड़क निर्माण के बाद नाला नहीं बनाए जाने से ग्रामीणों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। पिछले छह महीनों से गांव में सड़क बनाने का काम चल रहा है, लेकिन अब तक यह कार्य पूरी तरह से पूरा नहीं हो पाया है। ग्रामीणों का कहना है कि सड़क तो बना दी गई, लेकिन पानी की निकासी के लिए नाले का निर्माण नहीं किया गया। इसके कारण सीवर का गंदा पानी सड़क किनारे जमा हो रहा है। जगह-जगह पानी भरने से लोगों को आने-जाने में दिक्कत हो रही है। खासकर बच्चों और बुजुर्गों को ज्यादा परेशानी उठानी पड़ रही है। गंदा पानी जमा रहने से बदबू फैल रही है, जिससे मलेरिया जैसी बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। ग्रामीणों का कहना है कि उन्होंने इस समस्या को लेकर कई बार नगर निगम में शिकायत दी है, लेकिन अब तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया।