गुरुग्राम रेलवे स्टेशन के आरक्षण टिकट काउंटर हॉल में इन दिनों आवारा कुत्तों का आतंक देखने को मिल रहा है। टिकट लेने के लिए आने वाले यात्रियों को कुत्तों की वजह से परेशानी और डर का सामना करना पड़ रहा है। हैरानी की बात यह है कि स्टेशन पर रोजाना हजारों लोग यात्रा के लिए आते हैं, लेकिन यात्रियों को इन कुत्तों से सुरक्षित रखने के लिए कोई ठोस व्यवस्था नजर नहीं आ रही है। यात्रियों के अनुसार आरक्षण हॉल में अक्सर तीन से चार आवारा कुत्ते घूमते रहते हैं। कई बार ये कुत्ते टिकट लेने के लिए लाइन में खड़े लोगों के बीच आ जाते हैं, जिससे महिलाओं, बुजुर्गों और बच्चों में डर का माहौल बन जाता है। टिकट लेने आए उज्जवल सिंह ने बताया कि पहले भी स्टेशन पर कुत्तों के काटने के मामले सामने आ चुके हैं, लेकिन इसके बावजूद समस्या का समाधान नहीं हो पाया है। वहीं शुभम ने बताया कि कई लोग रात के समय टिकट लेने आते हैं, उस दौरान कुत्तों की मौजूदगी और भी ज्यादा डर पैदा करती है।