वार्ड 26 स्थित बेगमपुर खटोला के लोग लंबे समय से इलाके की मुख्य सड़कों पर सीवर का गंदा पानी जमा होने से परेशान है। जिससे न केवल आवगमन बाधित हो रहा है, बल्कि महामारी फैलने का डर भी सता रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि प्रशासन को बार-बार शिकायत करने के बावजूद स्थिति जस की तस बनी हुई है। इलाके में सीवर लाइन लगभग 12-13 वर्ष पहले डाली गई थी। उस समय की जनसंख्या के हिसाब से बिछाई गई ये लाइनें अब वार्ड के बढ़ते दबाव को नहीं झेल पा रही हैं। सीवर लाइनों की सुचारू रूप से सफाई न होने के कारण गंदा पानी बैक मारकर सड़कों पर आ रहा है। निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में पानी निकासी के लिए एक पंप सेट लगाया गया है, लेकिन वह समाधान के बजाय परेशानी का कारण बना हुआ है। यहां किसी भी स्थाई कर्मचारी की नियुक्ति नहीं है। पंप को कभी-कभी ही चलाया जाता है, जिससे जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान नहीं हो पा रहा है।