छह फरवरी को स्कूल जा रही छात्रा और गली में खड़ी स्कूटी को टक्कर मारने वाले स्कॉर्पियो गाड़ी के चालक को सेक्टर-14 थाने की पुलिस ने शनिवार को सेक्टर-4 मार्केट से गिरफ्तार किया। पुलिस ने आरोपी चालक से वारदात को अंजाम देने में प्रयोग की गई स्कॉर्पियो गाड़ी बरामद कर ली है। पुलिस मामले में आगामी कार्रवाई कर रही है। आरोपी चालक की पहचान महेंद्रगढ़ के सीहोर गांव निवासी निखिल (19) के रूप में हुई है। आरोपी से पूछताछ करने पर पता चला कि वह गुरुग्राम के एक व्यक्ति के पास स्कॉर्पियो गाड़ी पर चालक की नौकरी करता है। 6 फरवरी की सुबह वह स्कोर्पियो गाड़ी को तेज गति व लापरवाही से चलाते हुए जा रहा था। इसी दौरान आदर्श नगर, बस स्टैंड वाली गली में छात्रा को टक्कर मार दी व वहां खड़ी एक स्कूटी भी क्षतिग्रस्त हो गई। जांच अधिकारी हेड कांस्टेबल ओम प्रकाश ने बताया कि मामले में शिकायत के आधार पर सेक्टर-14 थाने में प्राथमिकी दर्ज की गई है। चालक निखिल को गिरफ्तार करके जांच में शामिल किया गया और उसे जमानत पर छोड़ दिया है।