गुरुग्राम सेक्टर-10 स्थित नागरिक अस्पताल में शुक्रवार को मरीजों को काउंटर बंद होने की वजह से दिक्कतों का सामना करना पड़ा। अस्पताल प्रशासन ने पंजीकरण के लिए कुल छह काउंटरों की व्यवस्था की हुई है, जिनमें पुरुष, महिला और वरिष्ठ नागरिकों के लिए अलग-अलग काउंटर शामिल हैं। लेकिन शुक्रवार को पुरुष काउंटर पर बंद का बोर्ड लगा हुआ था। सुबह से ही मरीज इस काउंटर पर पहुंचते रहे, लेकिन बंद देखकर उन्हें अन्य काउंटरों की लंबी लाइनों में लगना पड़ा। इस दौरान जब कर्मचारियों से कारण पूछा गया तो वे कोई स्पष्ट जवाब नहीं दे पाए। मरीजों का कहना था कि अस्पताल में रोजाना बड़ी संख्या में लोग इलाज के लिए आते हैं, ऐसे में एक भी काउंटर बंद होने से अव्यवस्था बढ़ जाती है।