गुरुग्राम जिले में बढ़ते तापमान के बीच बस स्टैंड का वेटिंग एरिया यात्रियों के लिए बड़ी परेशानी का कारण बन गया है। टिन शेड से बने इस प्रतीक्षालय में सुबह के समय से ही भीषण गर्मी महसूस होने लगती है, जिससे यहां बैठना तक मुश्किल हो गया है। हालात ऐसे हैं कि यात्री छांव में राहत पाने की बजाय भट्टी जैसे माहौल में बैठने को मजबूर हैं। वेटिंग एरिया छोटा होने के कारण यात्रियों को बैठने के लिए पर्याप्त सीटें भी नहीं मिल पा रही हैं। मजबूरी में कई लोग खड़े रहकर ही बस का इंतजार करते हैं। यहां केवल पंखों की व्यवस्था है, जो तेज गर्मी के आगे बेअसर साबित हो रही है। गर्म हवा के बीच पंखे राहत देने की बजाय और परेशानी बढ़ा रहे हैं। यात्रियों का कहना है कि बस स्टैंड जैसे महत्वपूर्ण सार्वजनिक स्थान पर इस तरह की अव्यवस्थाएं बेहद चिंताजनक हैं। गर्मी के मौसम में यहां कोई ठोस इंतजाम न होना प्रशासन की लापरवाही को दर्शाता है।