अपराध शाखा सेक्टर-43 की पुलिस ने सस्ते दाम में सोने के सिक्के बेचने का लालच देकर करोड़ों रुपये ठगने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का पर्दाफाश किया है। पुलिस ने गिरोह के चार आरोपी गिरफ्तार किए हैं। आरोपी सस्ते सोने का झांसा देकर पीतल के सिक्के देकर वारदात को अंजाम देते थे। आरोपियों ने बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली और सलमान खान के पिता सलीम खान के पीए से भी रुपये ठगे हैं। पुलिस ने आरोपियों से 2,30,05,700 रुपये नकदी और 678 ग्राम सोना बरामद किया है। पुलिस की जांच में सामने आया कि गैंग के लोग गरीब मजदूर का भेष बनाकर घूमते और अपने साथ साेने व चांदी के 5-6 सिक्के रखते थे। आरोपी लोगों को सिक्के दिखाकर कहते थे कि ये जमीन की खुदाई में मिले हैं और बेचना चाहते हैं। विश्वास जीतने के लिए वे लोगों को असली सोने के सिक्के देकर जांच कराने के लिए कहते थे। जब कोई व्यक्ति सिक्कों की जांच कराता तो सिक्के साेने के मिलते। ऐसे में विश्वास करके सोने के सिक्के खरीद लेता। बाद में वे सिक्के पीतल के पाए जाते। आरोपियों की पहचान गुजरात के वडोदरा निवासी प्रभुभाई सोलंकी गुलशनभाई उर्फ कल्पेश उर्फ रवि, वडोदरा के करेली बाग निवासी मनीष कमलेश शाह, वडोदरा के रामदेव नगर खोडिया नगर निवासी ईश्वर मारवाड़ी और नांगलाेई (दिल्ली) के निहाल विहार निवासी पंकज शर्मा के रूप में हुई है। पुलिस ने आरोपी सोलंकी प्रभुभाई गुलशनभाई उर्फ कल्पेश उर्फ रवि और पंकज शर्मा को 12 अप्रैल को गुरुग्राम से गिरफ्तार किया। वहीं, आरोपी मनीष कमलेश शाह व आरोपी ईश्वर मारवाड़ी को 15 अप्रैल को गुजरात से गिरफ्तार किया है। आरोपियों के साथ दो महिलाएं भी संलिप्त थीं, जोकि वर्तमान में राजस्थान की कोटा जेल में बंद हैं। मुख्य आरोपी को जब गिरफ्तार किया गया तो उसे करीब आधा किलो सोना पहन रखा था। पूछताछ करने पर पता चला कि आरोपी पढ़े-लिखे लोगों को अपना शिकार बनाते थे। आरोपी प्रभुभाई सोलंकी ने चौथी कक्षा तक पढ़ाई की है और उसके गैंग के ज्यादातर सदस्य अनपढ़ हैं, जोकि गरीब मजदूर का भेष बनाकर घूमते थे। वे अपने साथ में सोने व चांदी के 5-6 सिक्के रखते थे। वे अमीर लोगों को अपना शिकार बनाते हुए जमीन में खुदाई के दौरान मिले सिक्कोें को कम कीमत में बेचने की बात कहते थे। जांच कराने के बाद जब सिक्के असली सोने के मिलते तो व्यक्ति इनके झांसे में आ जाता। इसके बाद 25 से 30 लाख रुपये किलो के भाव में सोने का सौदा तय करते। इसके बाद सोने के असली सिक्के देने बजाय सोने का पानी चढ़े हुए पीतल या तांबे के सिक्के देकर चले जाते थे। बाद में पीड़ित व्यक्ति को सिक्कों की जांच कराने पर उनके पीतल या तांबे के होेने की बता पता चलती। गैंग का सरगना प्रभुभाई सोलंकी पिछले 25 वर्षों से ठगी की वारदातों में संलिप्त है। उसने ज्यादातर वारदातें मुंबई व गुजरात में की हैं। ठगी के रुपयों से आरोपी ने एक होटल पीएम भी खरीद रखा है, जोकि दिल्ली-मुंबई रोड पर करजन लकोदरा में है। करीब 15 साल पहले आरोपी ने बॉलीवुड अभिनेता आदित्य पंचोली से भी करीब 25 लाख रुपये ठगे थे। वहीं, सलमान खान के पिता सलीम खान के पीए से भी करीब 20 लाख रुपये की ठगी कर चुका है। इन दोनों मामलों में दर्ज एफआईआर के बारे में गुरुग्राम पुलिस छानबीन कर रही है। ठगी के रुपयों की बदौलत मुख्य आरोपी प्रभुभाई सोलंकी ने चार शादी की हैं। वह लव यू नाम की गुजराती फिल्म भी बना चुका है। उसने गुजरात नगरपालिका पार्षद चुनाव में अपनी पत्नी पार्वती सोलंकी को टिकट दिलाकर नामांकन भरवाकर राजनीति में अपना वर्चस्व जमाना चाहता था। पुलिस आरोपी की चारों पत्नियों के बारे में जानकारी जुटा रही है ताकि पता चल सके कि वे भी इस ठगी की वारदातों में संलिप्त हैं या नहीं। आपराधिक रिकॉर्ड जांचने पर पता चला कि आरोपी प्रभुभाई सोलंकी के खिलाफ पहले भी धोखाधड़ी के तहत दो मामले महाराष्ट्र में दर्ज हैं। वहीं, धोखाधड़ी सहित विभिन्न धाराओं के तहत सात मामले गुजरात में दर्ज हैं। एक्सपोर्ट-इम्पोर्ट का काम करने वाले एक बिजनेसमैन ने एक अप्रैल को सुशांतलोक थाने में 2.49 करोड़ रुपये ठगी शिकायत दी थी। पीड़ित ने बताया कि 13 फरवरी को पचगांव चौक के पास एक युवक ने उसे सस्ते दाम में सोने व चांदी के सिक्के बेचने का लालच दिया। आरोपी द्वारा दिए गए सोने व चांदी के सिक्के को उसने ज्वेलर्स की दुकान पर जांच कराया तो वे असली मिले थे। इसके बाद आरोपी ने अधिक संख्या में सोने के सिक्के बेचने का झांसा देकर 2 मार्च को सुशांतलोक स्थित उसके घर से करीब 2.49 करोड़ रुपये नकदी व करीब 50 तोला सोना ले लिया। इसके बदले नकली सोने (पीतल) के सिक्के दे दिए। पीड़ित ने अपने जानकारों से रुपये ब्याज पर भी लिए थे। पीड़ित की शिकायत के आधार पर सुशांतलोक थाने में ठगी संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई। 2.49 करोड़ रुपये नकदी व 50 ताेले सोने की ठगी मामले में गैंग के सरगना सहित चार आरोपी गिरफ्तार किए गए हैं। मामले में पीड़ित से ठगी गई नकदी व सोने की सौ फीसदी रिकवरी की गई है। आरोपियों को चार दिन के रिमांड पर लेकर पूछताछ की जा रही है। -डॉ. हितेश यादव, पुलिस उपायुक्त (अपराध), गुरुग्राम