बुलेट बाइक के साइलेंसर मोडिफाई करवाकर पटाखे छोड़ने वालों के खिलाफ पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई की है। ऐसे 57 युवकों के चालान कर उनसे 5.70 लाख रुपये जुर्माना वसूला गया है। इसके साथ ही इन सभी साइलेंसरों को उतरवाकर उन पर पुलिस ने बुलडोजर चलवाया है। यातायात पुलिस गुरुग्राम ने 1 मई से 31 मई के दौरान शहर में बुलेट बाइक से पटाखा चलाने वालों के खिलाफ अभियान चलाकर कार्रवाई की। इस अवधि के दौरान ऐसे कुल 57 युवकों के 5.70 लाख रुपये के चालान किए गए।इसके साथ ही इन सभी की बाइकों के मोडिफाई कराए गए साइलेंसरों को भी पुलिस ने उतरवाया। पुलिस ने बताया कि इस अभियान के पीछे गुरुग्राम पुलिस का मकसद गुरुग्राम की सड़कों को सुरक्षित बनाकर होने वाले सड़क हादसो को रोकना है। कुछ दुपहिया चालक अपनी बाइकों में प्रेशर हॉर्न या पटाखा का इस्तेमाल करके अन्य लोगों को परेशान भी करते है। इस प्रकार के दुपहिया चालकों पर अंकुश लगाने के लिए इस साल समय-समय पर विशेष अभियान चलाए जाएंगे। सोहना शहर थाना एसएचओ रविंद्र के नेतृत्व में गुरुग्राम पुलिस ने बुलेट बाइकों से उतरवाए गए मोडिफाई साइलेंसरों को शुक्रवार को नष्ट करवाया। इन पर बुलडोजर चलवाया गया। इससे पटाखे बजा कर आमजन को परेशान व असुविधा महसूस कराने वाले वालों को अच्छा सबक दिया है। गुरुग्राम की पुलिस टीम द्वारा पिछले 6 महीने में तीसरी बार साइलेंसरों को बुलडोजर द्वारा नष्ट किया गया है। एसीपी यातायात सत्यपाल यादव ने बताया कि यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ आगे भी इसी तरह सख्त कार्रवाई जारी रहेगी। यातायात पुलिस गुरुग्राम नागरिकों से अपील करती है कि वे अपने वाहनों में अवैध मॉडिफिकेशन जैसे पटाखा साइलेंसर या प्रेशर हॉर्न का उपयोग न करें, क्योंकि इससे न केवल ध्वनि प्रदूषण बढ़ता है बल्कि सड़क सुरक्षा भी प्रभावित होती है। सभी वाहन चालक निर्धारित गति सीमा का पालन करें, आवश्यक दस्तावेज साथ रखें और नियमों के अनुसार वाहन चलाकर शहर को सुरक्षित एवं अनुशासित बनाने में सहयोग दें।