गुरुग्राम शहर की सड़कों, फुटपाथ और ग्रीन बेल्ट पर किए गए अतिक्रमण के खिलाफ गुरुग्राम महानगर विकास प्राधिकरण (जीएमडीए) ने सोमवार से बड़े स्तर पर अभियान शुरू कर दिया। अभियान के पहले ही दिन जीएमडीए की प्रवर्तन टीमों ने करीब आठ किलोमीटर राइट ऑफ वे (आरओडब्ल्यू) को अतिक्रमण मुक्त कराया। कार्रवाई के दौरान मुख्य सड़कों और उनके किनारे बने अवैध रैंप, कियोस्क, वेंडिंग कार्ट और अस्थायी व स्थायी ढांचों को हटाया गया। जीएमडीए के सीईओ पीसी मीणा के निर्देश पर शुरू किए गए इस अभियान का उद्देश्य सार्वजनिक जमीन को अतिक्रमण मुक्त कराना और सड़क, फुटपाथ, ग्रीन बेल्ट व सर्विस रोड के लिए निर्धारित आरओडब्ल्यू को बहाल करना है। पहले दिन ओल्ड रेलवे रोड, सेक्टर-3ए/4 को विभाजित करने वाली सड़क, सेक्टर-4/7 और सेक्टर-4/9 को विभाजित करने वाली सड़कों समेत कई प्रमुख स्थानों पर कार्रवाई की गई।