गुरुग्राम में सोहना चौक के पास एक्सिस बैंक की शाखा में रविवार की अल सुबह शार्ट सर्किट से आग लगी गई। सूचना मिलते ही भीमनगर फायर स्टेशन से दमकल गाड़ी मौके पर पहुंची और करीब 30 मिनट में आग पर काबू पाया। इस घटना में दो एसी, फोटोस्टेशन मशीन सहित अन्य सामान को नुकसान हुआ है। भीमनगर फायर स्टेशन से अधिकारी नरेंद्र ने बताया कि रविवार की अल सुबह 2.58 बजे सोहना चौक के पास एक्सिस बैंक की शाखा में आग लगने की सूचना मिली थी। तुरंत एक गाड़ी को माैके पर रवाना किया। दमकल टीम ने बैंक का ताला तोड़कर अंदर प्रवेश किया और पानी का झिड़काव करके आग पर काबू पाया। एक्सिस बैंक परिसर में आग लगने की जानकारी मिलते ही शाखा के कर्मी मौके पर पहुंचे। बताया जा रहा है कि दो एसी, फोटोस्टेशन मशीन, कुछ कुर्सियां व मेज का आग से नुकसान पहुंचा है। बैंक शाखा में समय रहते आग पर काबू पा लिया गया, जिस कारण ज्यादा नुकसान नहीं हुआ है। रविवार को छुट्टी होने के कारण बैंक बंद रहता है। सोमवार को बैंक शाखा खुलने के बाद अधिकारियों और स्टाफ द्वारा आकलन के बाद ही आग लगने से हुए नुकसान का पता चल सकेगा।