सेक्टर 40 में पिछले 15 दिनों से गंदे पानी की सप्लाई आ रही है जो कि पीने योग्य नहीं हैं। यहां बदबूदार और दूषित पानी मिल रहा है, जिससे स्वास्थ्य संबंधी गंभीर बीमारियों का खतरा हो सकता है। स्थानीय निवासी अभिमन्यू ने बताया कि यह समस्या कोई एक-दो दिन की नहीं है, बल्कि पिछले लगभग तीन हफ्तों से लगातार मटमेला और गंदा पानी आ रहा है। पानी इस हद तक दूषित है कि वह पीने तो क्या, दैनिक घरेलू कामकाज के इस्तेमाल के लायक भी नहीं है। इस समस्या को लेकर कई बार संबधित विभाग को भी आवगत कराया जा चुका है। वहीं पूर्व सैन्य अधिकारी मेजर आरके ने जीएमडीए से इस समस्या का समाधान करने के लिए अपील की है। उन्होंने बताया कि कई बार शिकायतों के बावजूद सप्लाई में कोई सुधार नहीं हुआ है। पीने का साफ पानी पीने के लिए या तो बाजार से जार वाला पानी खरीदना पड़ रहा है या फिर आरओ पानी का इस्तेमाल करना पड़ रहा है। अन्य निवासियों ने कहा कि दूषित पानी के सेवन से पीलिया, हैजा, और पेट से संबंधित कई तरह की बीमारियों के फैलने की आशंका जताई जा रही है। लोगों को डर है कि अगर जल्द ही पानी की गुणवत्ता में सुधार नहीं किया गया, तो क्षेत्र में जलजनित बीमारियां महामारी का रूप ले सकती हैं।