नगर योजनाकार कार्यालय के समक्ष हाथों में बैनर पोस्टर लिए फ्लैट खरीदारों ने बुधवार को प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी हरियाणा के मुख्यमंत्री और देश के प्रधानमंत्री से अपने घर दिलवाने की गुहार लगा रहे थे। हाथों में बैनर पोस्टर लिए प्रदर्शनकारियों ने जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि अफोर्डेबल हाउसिंग प्रोजेक्ट के तहत सेक्टर 37 सी स्थित इस प्रोजेक्ट के पहले चरण में 716 और दूसरे चरण में 276 समेत कुल 992 फ्लैट हैं जिसके खरीदार पिछले दो सालों से लगातार प्रदर्शन करने को विवश है। वर्ष 2018 में इस प्रोजेक्ट की बुकिंग हुई थी। वर्ष 2023 में इसे लोगों को सौंप दिया जाना था मगर अभी तक प्रोजेक्ट का 20 प्रतिशत काम अधूरा है। 12 महीने से प्रोजेक्ट का काम बंद है। खरीदार एक ओर बैंक किस्त भर रहे हैं, दूसरी और किराए के घर में किराया दे रहे हैं। हरेरा, डीटीसीपी समेत तमाम दरवाजे खटखटा चुके हैं। प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि सरकार हस्तक्षेप कर बिल्डर से उनके शीघ्र बनवाए और उन्हें सौंपे।