भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) द्वारा निर्माणाधीन गुरुग्राम वाया पटौदी-रेवाड़ी एनएच-352 डब्ल्यू हाईवे का लगभग 85 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। इस हाईवे के जल्द शुरू होने की उम्मीद है। इसके चालू होने के बाद पटौदी शहर से गुजरने वाले वाहनों का दबाव कम होगा। शहर को जाम की समस्या से काफी हद तक निजात मिलने की संभावना है। यह नया मार्ग दिल्ली-जयपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर भी वाहनों का दबाव कम करने में सहायक होगा। एनएचएआई अधिकारियों के अनुसार, 43.2 किलोमीटर लंबे इस हाईवे का निर्माण करीब 900 करोड़ रुपये की लागत से किया जा रहा है। परियोजना का निर्माण कार्य 21 नवंबर 2021 को शुरू किया गया था। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी के निर्देश पर इसे नवंबर 2023 तक पूरा करने का लक्ष्य था। हालांकि, निर्धारित समय सीमा में निर्माण कार्य पूरा नहीं हो सका। अब परियोजना का करीब 85 प्रतिशत काम पूरा होने का दावा किया जा रहा है। हाईवे के शुरू होने से गुरुग्राम से पटौदी और रेवाड़ी की ओर जाने वाले वाहनों को एक वैकल्पिक मार्ग मिलेगा। इससे पटौदी शहर के मुख्य मार्ग पर वाहनों का दबाव कम होगा।