सर्दी का मौसम बढ़ते ही धूंध व कोहरे के कारण रात व सुबह के समय वाहन चालकों को परेशानी हाेने लगी है। गुरुग्राम डिपो की लगभग 50 फीसदी रोडवेज बसों में फॉग लाइट नहीं है। डिपो के कर्मचारी लंबे रूट पर चलने वाली रोडवेज बसों में फॉग लाइटें लगाने का कार्य कर रहे हैं। इसके बाद दूसरे जिलों के रूट और व लोकल रूट पर चलने वाली बसों में फॉग लाइटें लगाई जाएंगी। वहीं, जिन बसों की फॉग लाइटें खराब हैं या तार हटे हुए हैं, उनको भी ठीक किया जा रहा है।