खुर्जा के नया गंज मोहल्ला निवासी दुकानदार के पैन कार्ड पर अज्ञात लोगों ने छह फर्म तैयार कर ली। इसके बाद इन छह फर्म ने वर्ष 2021-22 में 1,41,38,47,126 रुपये की बिक्री की। आयकर नहीं भरने पर विभाग की ओर से खुर्जा निवासी पैन कार्ड धारक पर नोटिस पहुंचा तो उनके होश उड़ गए। उन्होंने एसएसपी बुलंदशहर से शिकायत की, जिसके बाद पुलिस ने उक्त फर्माें के नाम मुकदमा दर्ज किया। खुर्जा कोतवाली क्षेत्र के मोहल्ला नया गंज निवासी सुधीर गुप्ता ने बताया कि उनके घर के ऊपर मंजिल में किराएदार रहते हैं, जिनके किराए से ही घर का खर्चा चलता है। वहीं घर में उन्होंने छोटी सी परचून की दुकान खोल रखी है। सुधीर ने बताया कि उनकी दुकान की एक महीने का आय लगभग पांच से सात हजार रुपये है। ऐसे में घर का पालन पोषण भी मुश्किल से होता है। वर्ष 2022 में उनके पास आयकर विभाग की ओर से एक नोटिस आया था, जिसमें वित्तीय वर्ष 2020-21 में उनके पैन कार्ड से करोड़ों रुपये की लेनदेन हुई थी। उस पर आयकर रिटर्न भरने के लिए कहा गया, जिस पर लेखाकार की मदद से जवाब भिजवा दिया। दस जुलाई 2025 को उनके पास आयकर एक और नोटिस आया। इसमें बताया कि उनके पैन कार्ड से पंजीकृत खातों पर वित्तीय वर्ष 2020-21 में लगभग 141 करोड़ रुपये की बिक्री की गई। इस पर आयकर नोटिस में उनको चेतावनी दी गई कि आयकर जमा नहीं करने पर उन पर जुर्माना लगाया जाएगा। साथ ही जुर्माना नहीं भरने पर कानूनी कार्रवाई की जाएगी। ऐसे में वह परेशान हो गए। जब उन्होंने जांच कराई तो पता चला कि उनके पैन कार्ड से नई दिल्ली के अंतरिक्ष भवन स्थित पल्लवी एडवरटाइजिंग, जनकपुरी स्थित पेटोन कसंलटेंसी सर्विसेज, केजी मार्ग स्थित कुटोन इंडस्ट्रीज इन्फ्राटेक, मोहल्ला समयपुर स्थित रोहिणी इन्फ्राटेक, उत्तरी दिल्ली के कनॉट पैलेस स्थित प्रचलित इन्फ्रा इन्फोमीडिया और पूर्वी दिल्ली के शाहदरा स्थित सुमेल इंडस्ट्रीज इन्फ्राटेक ने लेन-देन किया था। पीड़ित सुधीर ने बताया कि उन्होंने अपने पैन कार्ड कहीं लेन-देन भी नहीं किया। वहीं, इन फर्माें के नाम और उनके मालिकों को भी वह नहीं जानते हैं। इस संबंध में उन्होंने 18 जुलाई को एसएसपी बुलंदशहर को शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की। इसमें एसएसपी ने सीओ सायबर क्राइम को जांच के लिए भेजा गया। जांच के बाद सीओ सायबर क्राइम की ओर से इसमें खुर्जा कोतवाली में जांच के तहरीर भेजी गई। सायबर कार्यालय से तहरीर प्राप्त हुई थी, जिसके आधार पर छह फर्म के नाम पर धोखाधड़ी कर दस्तावेजों का गलत इस्तेमाल करने व संपत्ति नुकसान करने की धारा में मुकदमा दर्ज किया गया है। इसमें आरोपी फर्माें का पंजीकरण व उनका पता सही है या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। - पूर्णिमा सिंह, सीओ खुर्जा।