गाजियाबाद के प्रॉपर्टी डीलर की हत्या के मामले में अब गाजियाबाद पुलिस टीम मामले की जांच करेगी। ग्रेटर नोएडा जोन के दादरी कोतवाली पुलिस की ओर से जांच को गाजियाबाद पुलिस को ट्रांसफर किया जाएगा। गाजियाबाद के गोविंदपुरम में मंगलवार की शाम को प्रॉपर्टी डीलर संजय यादव की हत्या करने के बाद दोनों आरोपी दोस्त सात घंटे तक कार में शव लेकर घूमते रहे थे। रात में दादरी क्षेत्र के नगला नैनसुख गांव के समीप मुख्य सड़क से अंदर झाड़ियों में उन्होंने कार में आग लगाकर शव जला दिया, ताकि लोगों को यह हादसा लगे। गोविंदपुरम स्थित एक आरोपी के मकान में विशाल राजपूत और जीत चौधरी ने प्रॉपर्टी डीलर संजय यादव के साथ बैठकर बीयर पी थी। इसके बाद आरोपियों ने मकान से कुत्ते का पट्टा उठाया और गला घोंटकर संजय यादव की हत्या कर दी।