फरीदाबाद स्थित डीएवी पब्लिक स्कूल सेक्टर-14 के सभागार में शुक्रवार को वीर बाल दिवस के उपलक्ष्य में एक भव्य सैंड आर्ट शो (रेत कला प्रदर्शनी) एवं जिला स्तरीय निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में श्री गुरु गोबिंद सिंह जी के चारों साहिबजादों बाबा अजीत सिंह, बाबा जुझार सिंह, बाबा जोरावर सिंह और साहिबजादा बाबा फतेह सिंह की अद्वितीय वीरगाथा और सर्वोच्च बलिदान को भावपूर्ण श्रद्धांजलि अर्पित की गई। हरियाणा के कला एवं सांस्कृतिक कार्य विभाग तथा शिक्षा विभाग के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित इस कार्यक्रम में एनसीबी प्रोडक्शन के प्रसिद्ध सैंड आर्टिस्ट सरवन पटेल ने अपनी कला से इतिहास के अमर अध्यायों को जीवंत कर दिया। करीब 40 मिनट के इस सैंड आर्ट शो में मुगलों के अत्याचार, साहिबजादों का अदम्य साहस और उनकी शहादत को क्रमबद्ध व कलात्मक ढंग से प्रस्तुत किया गया, जिसे देखकर दर्शक भाव-विभोर हो उठे। हल्के संगीत और मार्मिक कथन के साथ कलाकार ने रेत के कणों से गुरु गोबिंद सिंह महाराज के चारों शूरवीर पुत्रों की पूरी जीवन-यात्रा को सजीव रूप में उकेरा।