फरीदाबाद के सेक्टर-46 स्थित सर्वम सोसाइटी में 23 वर्षीय विवाहिता सीमा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। सूचना मिलने पर सूरजकुंड थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लिया। मृतका के परिजनों ने पति प्रवीण पर हत्या कर शव को पंखे से लटकाने का आरोप लगाया। परिजनों के हंगामे के चलते अतिरिक्त पुलिस बल और क्राइम ब्रांच की टीम को भी बुलाना पड़ा। सीमा की शादी करीब डेढ़ साल पहले हुई थी और वह पिछले कुछ महीनों से पति के साथ किराए के फ्लैट में रह रही थी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए ईएसआईसी अस्पताल के शवगृह में रखवाया है और मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। रात को विवाद इतना बढ़ गया कि मृतका की परिजनों व पुलिस के बीच हाथापाई हुई।