फरीदाबाद में डबुआ एयरफोर्स रोड निवासी जितेंद्र की छह माह की बेटी की अचानक तबीयत बिगड़ने पर परिजनों को इलाज के लिए काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा। जितेंद्र पृथला स्थित एक निजी कंपनी में कार्यरत हैं और उनके पास ईएसआई कार्ड है। बच्ची की हालत खराब होने पर वह उसे लेकर ईएसआईसी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल पहुंचे। जितेंद्र ने बताया कि अस्पताल में पहुंचने पर उन्हें जानकारी दी गई कि बच्ची का नाम ईएसआई रिकॉर्ड में दर्ज नहीं है। इसके बाद वह बच्ची को एंबुलेंस के जरिए दूसरे अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां भी उन्हें राहत नहीं मिली। उनका आरोप है कि बच्ची को देखने के लिए कोई विशेषज्ञ चिकित्सक बाहर तक नहीं आया और केवल रिपोर्ट कार्ड देखने के बाद उसे सफदरजंग अस्पताल रेफर कर दिया गया।