फरीदाबाद जिला नागरिक अस्पताल में मंगलवार को हुई बारिश के कारण मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पंजीकरण काउंटर से लेकर औषधालय तक अव्यवस्थाएं देखने को मिलीं, जिससे मरीज और उनके तीमारदार परेशान रहे। ओपीडी के मुख्य द्वार पर बारिश से बचने के लिए लोगों की भीड़ जमा हो गई, वहीं अस्पताल के अंदर विभिन्न काउंटरों पर लंबी कतारें लगी रहीं। बारिश के चलते अस्पताल की व्यवस्थाओं की पोल खुल गई और मरीजों को घंटों इंतजार करना पड़ा।